25 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘ओये चिल मार’

*25 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘ओये चिल मार’*
मुंबई। सोशल मीडिया की दुनिया, ऑनलाइन लोकप्रियता और उसके मनोवैज्ञानिक प्रभाव को केंद्र में रखी हिंदी सोशल साइकोलॉजिकल थ्रिलर ‘ओये चिल मार’ 25 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
तुलसीराम प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले तुलसीराम देवरुखकर निर्मित इस फिल्म से नितिन एम. रोकड़े निर्देशन के क्षेत्र में कदम रख रहे हैं। फिल्म के निर्देशन के साथ उन्होंने इसका संकलन भी किया है। फिल्म में तेजस देव, शिखा पांडेय, श्रेया पारेख, अतुल तिवारी, मोना शर्मा, प्राची बंसल, सुजीत अस्थाना, प्रशांत मोहिते और ‘ना तेलुगोडु’ फेम सूफिया तनवीर प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
फिल्म की कहानी अरविंद यादव और नितिन एम. रोकड़े ने लिखी है। संगीत असलम केई का है, जबकि गीत ईश्वरी फ्रांसिस ने लिखे हैं। फिल्म की कहानी आज के युवाओं में सोशल मीडिया पर लाइक्स, फॉलोअर्स और ऑनलाइन पहचान पाने की बढ़ती चाहत तथा इसके मनोवैज्ञानिक प्रभावों के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
निर्देशक नितिन एम. रोकड़े के मुताबिक, फिल्म सोशल मीडिया की लोकप्रियता की दौड़ के पीछे छिपे सामाजिक और मनोवैज्ञानिक पहलुओं को मनोरंजक तरीके से सामने रखती है। निर्माता तुलसीराम देवरुखकर ने फिल्म को मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश से जोड़ने का प्रयास बताया। फिल्म का पीआर सामरजीत और वेदांत मिश्रा संभाल रहे हैं।



