Up-Coming Movies

‘ओए चिल मार’ के टीजर और ट्रेलर की भव्य लॉन्चिंग

 

*‘ओए चिल मार’ के टीजर और ट्रेलर की भव्य लॉन्चिंग*

मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित रेड बल्ब स्टूडियो में तुलसीराम प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले निर्मित हिंदी फिल्म ‘ओए चिल मार’ के टीजर और ट्रेलर की भव्य लॉन्चिंग सम्पन्न हुई। निर्माता तुलसीराम देवरुखकर की इस फिल्म के लॉन्चिंग समारोह में फिल्म की पूरी कास्ट एवं क्रू के साथ बॉलीवुड और मनोरंजन जगत से जुड़े कई गणमान्य लोगउपस्थित रहे।सामाजिक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर के रूप में प्रस्तुत की जा रही इस फिल्म का निर्देशन और संपादन नितिन एम. रोकड़े ने किया है। फिल्म में नवोदित अभिनेता तेजस देव मुख्य भूमिका में हैं, जबकि शिखा पांडेय नायिका की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म की कास्ट में श्रेया पारेख, अतुल तिवारी, मोना शर्मा, प्राची बंसल, सुजीत अस्थाना, प्रशांत मोहिते और ‘ना तेलुगोडु’ फेम सूफिया तनवीर सहित अन्य कलाकार शामिल हैं।

टीजर और ट्रेलर लॉन्च के दौरान फिल्म के कलाकारों एवं तकनीकी टीम ने फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए। निर्देशक नितिन एम. रोकड़े ने बताया कि आज के दौर में सोशल मीडिया युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। लाइक्स, लोकप्रियता और ऑनलाइन चर्चित होने की चाहत कई बार व्यक्ति को नैतिक सीमाओं से आगे जाने के लिए प्रेरित कर देती है। ‘ओए चिल मार’ इसी बदलते सामाजिक परिवेश और उसके मनोवैज्ञानिक प्रभावों को रोमांचक एवं मनोरंजक अंदाज में सामने लाती है। नितिन रोकड़े इससे पहले कई चर्चित फिल्मों का संपादन कर चुके हैं। बतौर निर्देशक ‘ओए चिल मार’ उनकी पहली फिल्म है। फिल्म की कहानी अरविंद यादव और नितिन रोकड़े ने लिखी है। फिल्म का संगीत असलम केई ने तैयार किया है, जबकि गीत ईश्वरी फ्रांसिस ने लिखे हैं।

निर्माता तुलसीराम देवरुखकर ने कहा कि फिल्म के माध्यम से मनोरंजन के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश देने का प्रयास किया गया है। फिल्म की कहानी आज के युवाओं और सोशल मीडिया के बदलते प्रभाव से जुड़ी होने के कारण दर्शकों को इससे जुड़ाव महसूस होगा। लॉन्च हुए टीजर और ट्रेलर में फिल्म के विषय, रोमांच और मनोवैज्ञानिक पहलुओं की झलक देखने को मिली। फिल्म की टीम को उम्मीद है कि ‘ओए चिल मार’ दर्शकों के लिए एक अलग और रोचक सिनेमाई अनुभव साबित होगी।

‘ओए चिल मार’ 25 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वरिष्ठ प्रचारक समरजीत और वेदांत मिश्रा फिल्म के पीआरओ की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button