डीडी नेशनल पर प्रसारित हुई हजारीबाग निर्मित फिल्म “जगतगुरु श्री रामकृष्ण”

*डीडी नेशनल पर प्रसारित हुई हजारीबाग निर्मित फिल्म “जगतगुरु श्री रामकृष्ण”*
आध्यात्मिक चेतना और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित फिल्म “जगतगुरु श्री रामकृष्ण” का 21 फरवरी 2026 (शनिवार) को देश के प्रतिष्ठित चैनल DD National पर सफलतापूर्वक प्रसारण किया गया। फिल्म के प्रसारण को लेकर झारखंड सहित देशभर के दर्शकों में विशेष उत्साह देखा गया।
झारखंड के हजारीबाग में निर्मित यह फिल्म क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक उपलब्धि मानी जा रही है। फिल्म के निर्माता गजानंद पाठक, निर्देशक डॉ. बिमल मिश्रा तथा संगीतकार अजय मिश्रा हैं। फिल्म में हजारीबाग के प्रतिभाशाली कलाकारों—गजानंद पाठक, मुकेश राम प्रजापति, श्रेष्ठा भट्टाचार्य, चांदनी झा, अमरकांत राय, दीपक घोष और मनोज कुमार पांडेय सहित अनेक स्थानीय कलाकारों—ने प्रभावशाली अभिनय किया है। कास्टिंग डायरेक्टर दीपक घोष तथा डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी राहुल पाठक हैं।
फिल्म का एक प्रमुख आकर्षण इसमें प्रस्तुत भजन हैं, जिन्हें प्रसिद्ध गायकों अनेप जलोटा, सुरेश वाडेकर और महालक्ष्मी अय्यर ने अपनी मधुर आवाज़ में स्वरबद्ध किया है। इन भजनों ने दर्शकों को गहरी आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की।
उल्लेखनीय है कि फिल्म को वर्ष 2024 में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से यूनिवर्सल सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ था और इसे झारखंड के विभिन्न सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक प्रदर्शित किया जा चुका है। वर्तमान में यह फिल्म प्रसार भारती के वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है, जिससे देश-विदेश के दर्शक इसे देख सकते हैं।
हजारीबाग के कलाकारों और तकनीशियनों के संयुक्त प्रयास से बनी यह फिल्म न केवल क्षेत्रीय प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रही है, बल्कि भारतीय संत परंपरा और आध्यात्मिक धरोहर को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य भी कर रही है। डीडी नेशनल पर प्रसारण के बाद फिल्म को व्यापक सराहना मिल रही है।



