कौन सही” रिलीज़ के लिए तैयार, जल्द सिनेमाघरों में देगी दस्तक

*“कौन सही” रिलीज़ के लिए तैयार, जल्द सिनेमाघरों में देगी दस्तक*
विनायक फिल्म्स एंड टेलीविजन द्वारा एएए स्टूडियोज के सहयोग से निर्मित हिंदी फीचर फिल्म “कौन सही” अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और जल्द ही दर्शकों के बीच रिलीज़ होने जा रही है। इस फिल्म ने अपने सभी शूटिंग शेड्यूल सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं और फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन के अंतिम दौर में है।
फिल्म की शूटिंग मध्य प्रदेश के भोपाल सहित मुंबई के मीरा रोड, गोराई, अलीबाग और मड आइलैंड जैसे प्रमुख लोकेशनों पर की गई है। विविध लोकेशनों पर फिल्माए गए दृश्यों ने इसकी विजुअल अपील को और भी सशक्त बनाया है। निर्माताओं के अनुसार, एडिटिंग, साउंड डिजाइन और म्यूजिक का काम लगभग पूरा हो चुका है, जिससे फिल्म अब रिलीज़ के लिए पूरी तरह तैयार मानी जा रही है।
फिल्म का निर्माण डॉ. पवन तोदी ने किया है, जबकि निर्देशन की कमान मनोज सिंह ने संभाली है। कहानी और संवाद अनुज कुमार द्वारा लिखे गए हैं। सिनेमैटोग्राफी धर्मेंद्र बिस्वास ने की है और संपादन का कार्य नितीश टैंक द्वारा किया जा रहा है। फिल्म के संगीतकार दिग्गज दिलीप सेन हैं, जबकि अमित सिंहराज सह-निर्माता के रूप में जुड़े हुए हैं।
“कौन सही” में वर्षा उसगांवकर, विजय ऐदासानी, अमित रियान, राज प्रेमी, मदन कबीर और धर्मेंद्र गुप्ता जैसे अनुभवी कलाकारों की दमदार उपस्थिति देखने को मिलेगी।
फिल्म की कहानी आधुनिक भारतीय इतिहास के एक संवेदनशील और चर्चित विषय—गांधी बनाम गोडसे के वैचारिक संघर्ष—को संतुलित और गहराई से प्रस्तुत करती है। यह विषय दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगा और एक गंभीर सामाजिक विमर्श को जन्म देगा। मेकर्स ने संकेत दिया है कि फिल्म की रिलीज़ डेट और प्रमोशनल गतिविधियों की आधिकारिक घोषणा जल्द ही की जाएगी। फिल्म के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी अनुभवी पब्लिसिस्ट समरजीत संभाल रहे हैं।
बढ़ती उत्सुकता के बीच “कौन सही” एक प्रभावशाली और विचारोत्तेजक सिनेमाई अनुभव देने के लिए पूरी तरह तैयार है। दर्शक इसे जल्द ही अपने नज़दीकी सिनेमाघरों में देख सकेंगे।



