सच्ची घटना से प्रेरित निर्देशक मनोज त्रिपाठी की क्राइम थ्रिलर फिल्म “दबिश” 3 अप्रैल को सिनेमाघरों मे होगी रिलीज

*सच्ची घटना से प्रेरित निर्देशक मनोज त्रिपाठी की क्राइम थ्रिलर फिल्म “दबिश” 3 अप्रैल को सिनेमाघरों मे होगी रिलीज*
मुम्बई. लेखक और निर्देशक मनोज त्रिपाठी की क्राइम ड्रामा फिल्म “दबिश” 3 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों मे रिलीज के लिए तैयार है. इस क्राइम थ्रिलर हिन्दी फिल्म दबिश में आमिर मलिक, कल्पना सैनी, अनंत सारस्वत, राम सुजान सिंह जैसे कलाकारों ने अभिनय किया है.
सच्ची घटना से प्रेरित फिल्म दबिश की कहानी डीएसपी रुद्र के इर्दगिर्द घूमती है. उस ईमानदार और निडर पुलिस अफ़सर, का तबादला एक नए शहर में हो जाता है। पुलिस स्टेशन में अपने पहले ही दिन, वह एक परेशान महिला, सुगनी देवी को न्याय की गुहार लगाते हुए देखते हैं। वह अपने पति की हत्या के लिए FIR दर्ज करवाना चाहती है, लेकिन एक भ्रष्ट अफ़सर, छेदी लाल, उसे वहाँ से भगाने की कोशिश करता है। हालाँकि, रुद्र बीच में आते हैं, छेदी लाल को डांटते हैं, और केस दर्ज करने का आदेश देते हैं।
कुछ दिनों बाद, सुगनी देवी फिर से रुद्र के पास आती है, इस बार एक और भी ज़्यादा खौफ़नाक गुहार लेकर—उसकी बेटी का अपहरण हो गया है। वह बताती है कि इसका कसूरवार भानु यादव है, जो एक ताक़तवर और बदनाम विधायक लाल बिहारी का बेटा है। न्याय दिलाने के पक्के इरादे के साथ, रुद्र भानु यादव की जाँच शुरू करते हैं और उसके आतंक को चुनौती देते हैं। जैसे-जैसे वह मामले की गहराई में जाते हैं, उन्हें नेताओं और पुलिस के बीच गहरे तक फैली भ्रष्टाचार और आपराधिक साठगांठ का पता चलता है। फिल्म का क्लाईमेक्स दर्शकों को सरप्राइज देता है.
बरेली (उत्तर प्रदेश), अल्मोडा (उत्तराखंड) और मुंबई में शूट की गई फिल्म मे 3 खूबसूरत गाने भी हैं. बिग स्क्रीन प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म दबिश की कहानी, पटकथा, संवाद और निर्देशन मनोज त्रिपाठी का है जबकि प्रोड्यूसर सरिता तिवारी हैं. फिल्म के मुख्य कलाकार हैं आमिर मलिक, कल्पना सैनी, अनंत सारस्वत जबकि राम सुजान सिंह, निलोफर, डिम्पी मिश्रा, देव श्रीचंदन, शेखर झा,
प्रथम शर्मा, विनोद नाहरडीह, अभिनव गोस्वामी, वर्षा धगट, रूपा सेडगुलकर, साक्षी प्रजापति ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
मनोज त्रिपाठी ने 2009 में TV सीरियल ‘अग्नि परीक्षा’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने टीवी सीरियल्स और शोज़ के साथ काम करना जारी रखा। एसोसिएट डायरेक्टर से लेकर सेकंड यूनिट डायरेक्टर तक और फिर डायरेक्टर के रूप में उनका काम सराहनीय रहा है. बतौर निर्देशक उन्होंने कई नाटकों को भी पेश किया है.
जहां तक फिल्म के एक्टर्स की बात है आमिर मलिक ने वरुण धवन के साथ फिल्म बदलापुर से डेब्यू किया
था. आमिर मलिक ने 2018 के टीवी सीरियल बेपनाह से बेपनाह ख्याति प्राप्त की। उन्होंने दर्जनों शोज मे अपनी प्रतिभा का लोहा मनाया.
अमीर मलिक फिल्म दबिश मे डी.एस.पी. रूद्र प्रताप सिंह का दमदार किरदार निभा रहे हैं.
साउथ सिनेमा में काम कर चुकी कल्पना सैनी दबिश मे रुद्र की पत्नि की भूमिका में हैं. अनंत सारस्वत ने भानु यादव का किरदार निभाया है.


