‘अर्ध नारी नटेश्वर: अनान’ को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिल रहा दर्शकों का साथ

*‘अर्ध नारी नटेश्वर: अनान’ को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिल रहा दर्शकों का साथ*
मुंबई। मराठी फीचर फिल्म ‘अर्ध नारी नटेश्वर: अनान’ एक बार फिर दर्शकों के बीच चर्चा में है। वर्ष 2017 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म अब यूट्यूब के VIZIPLEX प्लेटफॉर्म पर हिंदी और मराठी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है, जहां इसे दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
फिल्म का निर्देशन राजेश कुश्ते ने किया है, जबकि कहानी और क्रिएटिव निर्देशन हेमंत भाटिया का है। इसमें प्रार्थना बेहेरे, ओमकार शिंदे, सुखदा खांडकेकर, सुयोग गोरहे और शिल्पा तुलसाकर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। कहानी एक युवक के शारीरिक-भावनात्मक बदलावों और जेंडर सेंसिटिविटी जैसे संवेदनशील विषय पर आधारित है, जिसकी प्रेरणा भारतीय आध्यात्मिक अवधारणा ‘अर्धनारीश्वर’ से ली गई है।
फिल्म के यूट्यूब प्रीमियर के अवसर पर मुंबई के इंपा थिएटर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कलाकारों के साथ कई अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर भाजपा मुंबई सेल के सचिव पंकज रैना और फिल्म द कश्मीर फाइल्स के संपादक शंख राज्याध्यक्ष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान फिल्म का ट्रेलर, टीज़र और गीत भी प्रदर्शित किए गए।
मौके पर अभिनेता ओमकार शिंदे और अभिनेत्री सुखदा खांडकेकर ने फिल्म की डिजिटल रिलीज पर खुशी जताई। निर्माता हेमंत भाटिया के अनुसार किन्नर समाज पर अध्ययन के बाद इस विषय पर फिल्म बनाने का विचार आया। अब VIZIPLEX के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध होने से यह फिल्म अधिक दर्शकों तक पहुंच रही है।
उल्लेखनीय है कि ‘अर्ध नारी नटेश्वर: अनान’ 22 सितंबर 2017 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब डिजिटल माध्यम के जरिए इसे नई पहचान मिल रही है।



