Entertainment

साहित्य और सिनेमा के आईने में मुंबई के बदलते स्वरूप पर हुआ सार्थक विमर्श

*साहित्य और सिनेमा के आईने में मुंबई के बदलते स्वरूप पर हुआ सार्थक विमर्श*

मुंबई। बंबई से मुंबई तक के सफर, शहर के बदलते सामाजिक-सांस्कृतिक स्वरूप तथा साहित्य और सिनेमा में मुंबई की विविध छवियों को केंद्र में रखकर बिघ बैड क्रिएटर्स द्वारा ‘साहित्य, सिनेमा और मुंबई’ विषय पर विशेष परिसंवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों, पत्रकारों, फिल्म गीतकारों, रंगकर्मियों एवं संस्कृति से जुड़े वक्ताओं ने मुंबई के विभिन्न पहलुओं पर सार्थक और विचारोत्तेजक चर्चा की।

परिसंवाद में पत्रकार-लेखक विवेक अग्रवाल ने ‘कैमरे की नजर में मुंबई का अंडरवर्ल्ड’ विषय पर चर्चा करते हुए मुंबई के उस पहलू पर प्रकाश डाला, जिसे सिनेमा और पत्रकारिता ने अलग-अलग दृष्टिकोणों से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कैमरे के माध्यम से मुंबई के अंडरवर्ल्ड की बदलती छवि और उसके चित्रण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।

लेखिका रीता दास राम ने ‘उपन्यासों में मुंबई’ विषय पर चर्चा करते हुए साहित्यिक कृतियों में मुंबई के चित्रण, शहर के जीवन-संघर्ष और यहां की सामाजिक विविधता को रेखांकित किया।

प्रो. रामबक्ष ने साहित्यिक कृतियों पर बनी फिल्मों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने साहित्य और सिनेमा के आपसी संबंध, साहित्यिक रचनाओं को पर्दे पर उतारने की प्रक्रिया तथा मूल रचना और फिल्मी प्रस्तुति के बीच के अंतर पर अपने विचार रखे।

कमर हाजीपुरी ने ‘भोजपुरी फिल्मों में मुंबई’ विषय पर चर्चा करते हुए भोजपुरी सिनेमा और मुंबई के बीच के संबंध तथा भोजपुरी फिल्मों में मुंबई की उपस्थिति पर प्रकाश डाला।

राजीव रोहित ने ‘रंगमंच और मुंबई’ विषय के संदर्भ में मुंबई के रंगमंच, रंगकर्मियों और शहर की रंगमंचीय संस्कृति पर अपने विचार साझा किए।

फिल्म गीतकार एवं शायर देवमणि पांडेय ने ‘फिल्मी गीतों में मुंबई’ विषय पर सार्थक एवं सारगर्भित विचार रखते हुए बताया कि किस प्रकार फिल्मी गीतों ने मुंबई के जीवन, मिजाज, संघर्ष, प्रेम और सपनों को शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्ति दी है।

इस अवसर पर पत्रकार एवं लेखक राजेश विक्रांत, जो ‘आमची मुंबई’ सहित कई पुस्तकों के लेखक हैं, ने मुंबई पर चर्चा करते हुए अपनी आगामी पुस्तक ‘साहित्य और मुंबई’ के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी आगामी पुस्तक विभिन्न भाषाओं की साहित्यिक कृतियों में मुंबई के उल्लेख और चित्रण पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग भाषाओं के साहित्य में मुंबई को किस तरह देखा और अभिव्यक्त किया गया है, यह अपने आप में अध्ययन का महत्वपूर्ण विषय है।

कार्यक्रम में नीता बाजपेई, डॉ. सीमा टिबरेवाला सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए और मुंबई के साहित्यिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सिनेमाई पहलुओं पर सार्थक चर्चा की।

इस अवसर पर पत्रकार-लेखक विवेक अग्रवाल, लेखिका रीता दास राम, फिल्म गीतकार एवं शायर देवमणि पांडेय तथा ‘आमची मुंबई’ फेम पत्रकार एवं लेखक राजेश विक्रांत को शाल भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक संचालन शामी एम. इरफ़ान ने किया। उन्होंने विभिन्न विषयों को आपस में जोड़ते हुए बंबई से मुंबई तक की यात्रा तथा साहित्य और सिनेमा में शहर की बदलती तस्वीर को संवाद का आधार बनाया।

कार्यक्रम के अंत में पंडित सुभाषचंद्र त्रिपाठी ने आभार-ज्ञापन किया। आयोजन के संयोजन में गोपीकृष्ण बूबना, कृष्णा गौतम, शाहनवाज और सोनू पाहुजा ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

परिसंवाद में सभागार में बड़ी संख्या में साहित्य एवं सिनेमा प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सोशल मीडिया तथा YouTube चैनल ‘कैफे बॉलीवुड’ पर लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे सैकड़ों दर्शकों ने ऑनलाइन देखा।

बिग बैड क्रिएटर्स द्वारा आयोजित इस परिसंवाद ने बंबई से मुंबई तक के बदलते सफर को साहित्य, सिनेमा, पत्रकारिता और रंगमंच की विभिन्न दृष्टियों से समझने का एक सार्थक मंच प्रदान किया।

Related Articles

Back to top button