“कौन सही” का ट्रेलर लॉन्च: गांधी बनाम गोडसे के वैचारिक संघर्ष पर आधारित फिल्म 15 मई को होगी रिलीज

*“कौन सही” का ट्रेलर लॉन्च: गांधी बनाम गोडसे के वैचारिक संघर्ष पर आधारित फिल्म 15 मई को होगी रिलीज*
मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित रेडबल्ब स्टूडियो में हिंदी फीचर फिल्म “कौन सही” का भव्य ट्रेलर लॉन्च किया गया। यह फिल्म विनायक फिल्म्स एंड टेलीविजन द्वारा एएए स्टूडियोज के सहयोग से निर्मित है। फिल्म के निर्माता डॉ. पवन तोदी हैं, जबकि निर्देशन की कमान मनोज सिंह ने संभाली है।
फिल्म की कहानी और संवाद अनुज कुमार ने लिखे हैं। सिनेमैटोग्राफी धर्मेंद्र बिस्वास द्वारा की गई है और संपादन का कार्य नितीश टैंक कर रहे हैं। संगीत की जिम्मेदारी दिग्गज संगीतकार दिलीप सेन ने निभाई है, वहीं अमित सिंहराज सह-निर्माता के रूप में जुड़े हुए हैं।
“कौन सही” में वर्षा उसगांवकर, विजय ऐदासानी, अमित रियान, राज प्रेमी, मदन कबीर और धर्मेंद्र गुप्ता जैसे अनुभवी कलाकारों की प्रभावशाली भूमिका देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि फिल्म के निर्माता डॉ. पवन तोदी ने स्वयं महात्मा गांधी का किरदार निभाया है।
फिल्म की कहानी आधुनिक भारतीय इतिहास के एक अत्यंत संवेदनशील और चर्चित विषय—गांधी बनाम गोडसे के वैचारिक संघर्ष—पर आधारित है। यह फिल्म दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगी और समाज में एक गंभीर विमर्श को जन्म देगी कि आखिर “कौन सही”।
ट्रेलर लॉन्च के मौके पर फिल्म की पूरी टीम—निर्माता, निर्देशक, लेखक, संगीतकार और कलाकारों के साथ बॉलीवुड के कई गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। फिल्म के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी अनुभवी पब्लिसिस्ट समरजीत संभाल रहे हैं।
यह बहुप्रतीक्षित फिल्म आगामी 15 मई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



